भोगांव। थाना क्षेत्र के गांव तखरऊ में बुधवार शाम सड़क किनारे ट्रेन का इंतजार कर रहे पिता-पुत्र को तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया, हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई। बेटे को गंभीर हालत में एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से कार चालक को हिरासत में ले लिया।गांव मेरापुर छादामी के रहने वाले 45 वर्षीय बिक्कू लाल बुधवार शाम को 15 वर्षीय पुत्र शिव कुमार उर्फ आरके के साथ फर्रुखाबाद जा रहे थे। तखरऊ गांव के पास वह लोग ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। तभी भोगांव की तरह से आ रही तेज रफ्तार कार ने पिता-पुत्र को चपेट में ले लिया। हादसे में बिक्कू लाल की मौके पर ही मौत हो गई, पुत्र शिव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने मौके से कार चालक को पकड़ कर हाथापाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घायल पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बिक्कू का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भेजा।