मैनपुरी। जनपद अलीगढ़ में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में कस्बा कुसमरा निवासी युवक की मौत हो गई। वहीं साथी घायल हो गया, कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। घायल को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।कुसमरा चौकी क्षेत्र के गांव हिरौली निवासी 35 वर्षीय अजीत कुमार ओझा दिल्ली में कारपेंटर का काम करते थे। रविवार रात को वह गांव के रहने वाले साथी अभिषेक के साथ बाइक से घर आने के लिए निकले थे। सोमवार सुबह करीब चार बजे अलीगढ़ में किसी वाहन की चपेट में आकर दोनों घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे, दोनों घायलों को एंबुलेंस से मैनपुरी लेकर आए। अजीत की तबीयत बिगड़ने पर राधारमन रोड स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे, जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, घायल अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।