कुरावली। थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय हलवाई की मौके पर ही मौत हो गई। नगला ऊसर तिराहे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार वेदराम को टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजकर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।गांव जुन्हैसा के रहने वाले वेदराम हलवाई का काम करते थे। शनिवार शाम को वह कस्बा स्थित बाजार गए थे। रात करीब 10 बजे वह अपनी बाइक से घर वापस लौट रहे थे। जीटी सड़क पर नगला ऊसर तिराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वेदराम के शव को जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भेजा गया। रोते-बिलखते परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए थे। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही वाहन और उसके चालक का पता लगा लिया जाएगा।