मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में भोगांव रोड पर शनिवार सुबह साइकिल से ड्यूटी पर आ रहे एक निजी स्कूल के चौकीदार की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। टक्कर मारने वाले ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मिढ़ौली निवासी 70 वर्षीय लाल सिंह यादव शहर में कोतवाली के पास स्थित एक निजी स्कूल में चौकीदार थे। शनिवार सुबह करीब 5:20 बजे वह साइकिल से ड्यूटी पर आ रहे थे। मैनपुरी भोगांव मार्ग पर महिंद्रा एजेंसी के सामने मार्ग से गुजर रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसे में लाल सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस लाल सिंह को जिला अस्पताल लेकर आई। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया। कोतवाली पुलिस ने मार्ग पर लगे सीसीटीवी भी चेक किए हैं, दुर्घटना मार्ग से गुजर रहे ट्रक से हुई है। पुलिस चालक व वाहन की तलाश कर रही है।