मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बाइक सवार दंपती कैंटर की चपेट में आ गए। हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से पीजीआई सैफई रेफर किया गया है।कुरावली क्षेत्र के गांव लखौरा निवासी 38 वर्षीय प्रदीप यादव शुक्रवार रात पत्नी रीना यादव को बाइक पर साथ लेकर रिश्तेदारी में अलीगंज एटा जा रहे थे। रात करीब 10 बजे जीटी रोड खिरिया मोड़ के पास सामने से आ रहे कैंटर ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, दंपती को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, वहां चिकित्सक ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। रीना को गंभीर हालत में पीजीआई सैफई रेफर किया गया। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।