फोटो 9 सीएचसी घिरोर पर सिजेरियन प्रसव के बाद बच्ची के साथ डॉ. निशिता यादव और उनकी टीम। स्रोत वि
घिरोर। स्वास्थ्य विभाग का सीएचसी पर ऑनकॉल सिजेरियन डिलेवरी का निर्णय प्रसूताओं के लिए जीवनदान सिद्ध हो रहा है। घिरोर सीएचसी पर पहुंची एक प्रसूता की स्थिति बिगड़ने पर सीएचसी पर ही स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निशिता यादव ने सिजेरियन प्रसव कराया। समय से प्रसव होने से जच्चा और बच्चा सुरक्षित है। मंगलवार की शाम घिरोर सीएचसी पर क्षेत्र के गांव फैजपुर निवासी कविता पत्नी भानुप्रताप को प्रसव के लिए लाया गया। कविता की प्रसव के दौरान स्थिति बिगड़ने लगी। इस दौरान तेज बारिश हो रही थी। स्थिति यह थी कि कविता को सौ शैया अस्पताल रेफर करने से जच्चा और बच्चा की जान को खतरा दिख रहा था। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रवीन कुमार यादव ने तुरंत मामले की जानकारी सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता को दी। सीएमओ ने सौ शैया अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निशिता यादव, निश्चेतक डॉ. विकास यादव को अपनी टीम के साथ सीएचसी घिरोर पहुंचने के निर्देश दिए। डॉ. निशिता यादव और डॉ. विकास यादव, अलका पाठक स्टाफ नर्स, अंजली, हेमकांत, सुधांशु आदि के साथ सीएचसी घिरोर पहुंचे और यहां लगभग एक घंटे के जटिल सिजेरियन प्रसव के बाद कविता ने एक बच्ची को जन्म दिया। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जटिल परिस्थिति में प्रसूता का सौ शैया अस्पताल की टीम से प्रसव कराने की व्यवस्था शुरू की गई है। इसी व्यवस्था के तहत डॉ. निशिता यादव ने घिरोर सीएचसी पर सिजेरियन प्रसव कराया है।