मैनपुरी। करहल तहसील क्षेत्र के किरथुआ पशुपुर मार्ग से होकर नगला कथूले जाने वाले मार्ग की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग की मरम्मत के लिए 32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।करहल तहसील क्षेत्र के किरथुआ पशुपुर मार्ग से होकर नगला कथूले जाने वाले मार्ग की स्थिति काफी दिनों से खराब चल रही है। मार्ग पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। इसके चलते यहां से होकर गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग की मरम्मत कराए जाने के लिए जन प्रतिनिधियों को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग से भी सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग ने मार्ग की मरम्मत कराने के लिए 32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग अखिलेश्वर कुमार अरुण ने बताया कि मार्ग की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क के मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।