मैनपुरी। दोस्ती करने से मना किया तो आरोपी आग बबूला हो गया, सरेराह युवती को रोक कर छेड़छाड़ करते हुए थप्पड़ मार दिया। लोगों को एकत्रित होता देख आरोपी मोबाइल छीन कर भाग निकला। शहर के मदार दरवाजा पर हुई घटना की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि आरोपी मुन्ना आते-जाते उन्हें परेशान करता है। उन पर आपत्तिजनक फब्तियां कसता है। जब वह मना करती तो जान से मारने की धमकी दे रहा था, युवती ने परेशान होकर परिजन को घटना की जानकारी दी। जब परिजन ने आरोपी के घरवालों से शिकायत की तो इसी पर वह बौखला गया। 12 फरवरी की शाम को युवती जब मदार गेट की ओर से गुजर रही थी, तभी शोहदे ने रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर हाथापाई पर उतारू हो गया, युवती को सरेराह थप्पड़ जड़ दिया। शोर शराबा सुन कर लोग एकत्रित हुए तो आरोपी युवती का मोबाइल छीन कर भाग गया। घटना वहां लगे एक सीसीटीवी में भी कैद हुई है।