फोटो 34 जनता की समस्याएं सुनते पर्यटन मंत्री। स्रोत प्रशासन
- फोटो : Archive
मैनपुरी। पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को ट्रांजिट हॉस्टल में जन-शिकायतें सुनीं। पर्यटन मंत्री ने कहा कि भूमि संबंधी विवादों को मौके पर जाकर निपटाया जाए, भूमि विवाद के प्रकरण लंबे समय तक लंबित न रहें। एक बार पैमाइश के बाद अवैध कब्जा हटवाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उसे भू-माफिया में चिह्नित कर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाए।पर्यटन मंत्री ने कहा कि अनधिकृत कब्जों की शिकायतें मिल रही हैं। संबंधित राजस्व अधिकारी सुनिश्चित करें कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राथमिकता पर किया जाए। कहीं भी ग्राम-सभा, सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जा न रहे। उन्होंने कहा कि शासन की संचालित जन-कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र को मिले, गर्मी के मौसम में आमजन को विद्युत आपूर्ति, जलापूर्ति जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं मुहैया हों, साफ-सफाई से लेकर एंटीलार्वा का छिड़काव, कूड़ा उठान के बेहतर प्रबंध किए जाएं। पर्यटन मंत्री ने मंछना निवासी विमलेश पत्नी मेहताब सिंह द्वारा निजी भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उप जिलाधिकारी भोगांव को दूरभाष पर निर्देशित करते हुए कहा कि आज ही मौके पर जाकर भूमि की पैमाइश कराना सुनिश्चित करें यदि शिकायतकर्ता के रकबा पर किसी के द्वारा अनधिकृत कब्जा किया गया हो तो उसे तत्काल खाली कराकर शिकायतकर्ता को काबिज कराकर सूचना आज ही उपलब्ध कराएं।
इस दौरान उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, विद्युत विभाग से लालू जादौन, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।