फोटो 3 मृतका शिवानी का फाइल फोटो
घिरोर। गांव नगला मान निवासी गर्भवती महिला की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और बाईपास पर अवरोध डाल कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने समझा-बुझाकर आधा घंटे लगे जाम को खुलवाया। मृतका के ससुरालीजन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना कुरावली क्षेत्र के गांव महादेवा निवासी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुत्री शिवानी उर्फ शिल्पी की शादी 30 जनवरी 2025 को घिरोर क्षेत्र के गांव नगला मान निवासी उपदेश के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही रुपये की मांग को लेकर पति उपदेश, सास पूनम, ससुर रामप्रसाद, भाई आदेश, जेठान रंजना प्रताड़ित कर रहे थे। पंचायत भी हुई, मगर ससुरालीजन बाज नहीं आए। शिवानी आठ माह की गर्भवती थी। सोमवार को ससुरालीजन ने उसकी पिटाई की, जिससे हालत बिगड़ गई। पुत्री का मोबाइल भी तोड़ दिया, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि पुत्री की आगरा के एक अस्पताल में मौत हो गई है। जब आगरा पहुंचे तो बेटी का शव मिला। सससुरालीजन वहां से भाग गए थे। शाम को मायके वाले शव लेकर घिरोर पहुंचे और बाईपास पर अवरोध डाल कर जाम लगा लिया। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर हटाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा, आरोपी ससुरालीजन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी अनुज चौहान ने बताया कि जाम नहीं लगा था, शव के साथ अधिक लोग थे, जिस वजह से भीड़ हो गई थी। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।