संवाद न्यूज एजेंसीमैनपुरी। सूचना पर तुरंत सक्रिय हुई जीआरपी थाना पुलिस ने सिविल इंजीनियर की जान बचा ली। पांच फरवरी की रात को जीआरपी मैनपुरी को सूचना मिली कि एक महिला ने भाई को बचाने के लिए मदद मांगी है। बताया कि भाई जो कि मैनपुरी में इंजीनियर है, वह खुदकुशी करने जा रहा है। वीडियो कॉल पर उसने जानकारी दी है। सूचना पर सक्रिय हुई जीआरपी थाना पुलिस ने ट्रैक पर तलाश शुरू कर दी। शिवेश उपाध्याय उर्फ टौनू प्लेटफार्म नंबर दो पटरी किनारे बैठा मिला। वह नशे की हालत में था और मानसिक रूप से तनाव में आकर जान देने की बात कह रहा था। जीआरपी कर्मी समझा बुझा कर थाने ले गए। थाने पहुंचे परिजन ने बताया कि मूलरूप से बलिया के रहने वाले शिवेश अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मैनपुरी में निर्माणाधीन जंक्शन भवन का निर्माण कार्य देख रहे हैं। यहीं सरकारी आवास में रह रहे हैं। समझा बुझा कर परिजन शिवेश को अपने साथ ले गए।