फोटो46 जिला अस्पताल में भर्ती आग में झुलसे लोग। संवाद
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भरतवाल में शादी की तैयारियों के बीच शनिवार शाम को खाना बनाते समय सिलिंडर में आग लग गई, आग की चपेट में आने से वहां मौजूद दूल्हे सहित पांच लोग झुलस गए। अफरा तफरी मच गई, शोर शराबा सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया, घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।शहर के मोहल्ला भरतवाल निवासी आशराम कश्यप के पुत्र विकास की 20 अप्रैल को बरात जानी है। शादी वाले घर में रिश्तेदार एकत्रित हुए थे। शाम करीब 7:30 भट्ठी पर परिजन व रिश्तेदारों के लिए खाना बन रहा था, तभी सिलिंडर में गैस का रिसाव हुआ और आग लग गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता, आग ने बड़ा रूप ले लिया, वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई, आग की चपेट में आकर 84 वर्षीय प्रेम सिंह, 45 वर्षीय जैनेंद्र, आशाराम, 25 वर्षीय अंकित गंभीर रूप से झुलस गए। आग बुझाने के प्रयास में दूल्हा विकास भी झुलस गया। आग लगने की जानकारी होने के बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए। मिट्टी पानी डाल कर आग पर काबू पाया गया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिला अस्पताल में सभी घायलों का उपचार चल रहा है। शादी वाले घर में हुए हादसे के चलते घर में मौजूद सभी रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए।