फ़ोटो 33 महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में भर्ती मरीज।संवाद
- फोटो : 1
मैनपुरी। तीन दिन पूर्व हुई बारिश के बाद गलनभरी सर्दी के कारण सांस, ह्दय और निमोनिया के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। निमोनिया की चपेट में आने से दो मासूमों की मौत हो गई। जबकि अस्थमा से पीड़ित वृद्ध महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में शुक्रवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ पहुंची। यहां विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 905 मरीजों ने मरीजों को उपचार दिया गया। शहर के मोहल्ला छपट्टी निवासी अवरार का 40 दिन का पुत्र जोहान तीन दिनों से सर्दी से पीड़ित चल रहा था। परिजन ने निजी डाक्टर को दिखाया तो वहां निमोनिया की जानकारी दी। उपचार के बाद भी बच्चे को कोई राहत नहीं मिली। शुक्रवार सुबह नौ बजे के करीब अचानक उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। भोगांव क्षेत्र के नगला टाल कल्यानपुर निवासी सचिन कुमार के तीन माह का पुत्र अयांश भी दो दिन से निमोनिया की चपेट में था। बृहस्पतिवार की रात हालत बिगड़ने पर उसे भी जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लाया गया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। भोगांव क्षेत्र के गांव सहजादेपुर निवासी मीना देवी (65) अस्थमा से पीड़ित चल रही थी। परिजन उनका निजी डाक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। देर शाम सांस लेने में दिक्कत होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।