फोटो 10 बस चालक के भागने के बाद सड़क पर खडे़ स्कूली बच्चे। संवाद
दन्नाहार। थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह स्कूल बस चालक ने गाड़ी की रफ्तार अचानक तेज कर दी, घबराए बच्चों की चीख-पुकार सुन कर ग्रामीणों ने किसी तरह से बस को रुकवाया और बच्चों को बाहर निकाला। बच्चों से चालक की हरकत सुनने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए, मगर तब तक चालक गाड़ी लेकर भाग चुका था। मौके पर पहुंचे अभिभावक बच्चों को घर लेकर चले गए। शहर में आगरा रोड स्थित एक स्कूल की बस शुक्रवार सुबह दन्नाहार क्षेत्र में बच्चों को लेने के लिए गई थी। बस चालक ने गांव दरवाह, भटनी, चिकनी और नगला आशा से बच्चों को बस में बैठाया और स्कूल की ओर चल दिया। नगला आशा के पास से गुजरने के दौरान बस से बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण भी भयभीत हो गए। नगला आशा मोड पर ग्रामीणों ने किसी तरह से बस को रुकवा लिया, बस रुकते ही घबराए बच्चों से पूछा, उन्होंने बताया कि चालक शराब के नशे में है और बस को बहुत तेजी से भगा रहा था, डर की वजह से वह लोग चीखते हुए बस रोकने की कह रहे थे। चालक की हरकत का पता लगने के बाद ग्रामीण जब तक कुछ कह पाते, तब तक चालक बस को लेकर भाग चुका था। जानकारी होने के बाद बच्चों के अभिभावक मौके पर आए और स्कूल प्रबंधन से चालक की शिकायत करने की बात कहते हुए वहां से चले गए।