मैनपुरी। दन्नाहार क्षेत्र में नौ वर्ष पहले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मदन चौहान की हत्या के मामले में सोमवार को आंशिक बहस हुई। स्पेशल जज डकैती ने सुनवाई के लिए 21 अगस्त की तारीख नियत की है। इसके बाद न्यायालय इस हत्याकांड पर फैसला सुनाएगा। एक जनवरी 2017 को मदन चौहान अपने पेट्रोल पंप पर थे। दोपहर करीब 12 बजे दो कारों में आए बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। बदमाश उनकी लाइसेंसी राइफल भी लूट ले गए थे। पुलिस मुठभेड़ में मोदीनगर निवासी बदमाश नवनीत नेहरा मारा गया और सिपाही जितेंद्र घायल हो गया। मदन चौहान के पुत्र शिवम चौहान ने दन्नाहार थाने में आशु गौर, गुड्डू चौहान, विश्वनाथ, आकाश उर्फ रिंकू और हरेंद्र उर्फ हनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस जांच में मंगल सिंह, पंचम सिंह, शिवनाथ और गौरव गोस्वामी भी हत्या में शामिल पाए गए थे। सहायक शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि न्यायालय ने 17 अगस्त को बहस की तारीख नियत की थी। दोनों पक्षों की ओर से केवल आंशिक बहस ही हो सकी।