बिछवां (मैनपुरी)। गांव किन्हावर में रविवार शाम शराब के नशे में धुत पिता ने मोमोज खाने की जिद कर रहे अपने ढाई साल के बेटे को जमीन पर पटककर मार डाला। सूचना पर बिछवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक के आठ वर्षीय भाई ने दिल दहला देने वाली हकीकत बयां की। चर्चा है कि पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है, हालांकि अधिकारी अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।मजदूरी करने वाला आरोपी शराब पीने का आदी है। ग्राम प्रधान राजेश पांडेय के अनुसार, करीब एक माह पहले करवाचौथ के दिन उसने अपनी 35 वर्षीय गर्भवती पत्नी को भी बेरहमी से पीटा था जिसके बाद तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई थी। मायका बंगाल में होने के कारण उस समय किसी ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। पत्नी की मौत के बाद आरोपी अपने तीन बेटों (11 वर्षीय बड़े बेटे, आठ वर्षीय मझले बेटे और ढाई साल के छोटे बेटे) के साथ रह रहा था।बड़े बेटे ने पुलिस को बताया कि घटना के वक्त वह दुकान पर सामान लेने गया था। वहीं, प्रत्यक्षदर्शी आठ वर्षीय बेटे ने बताया कि रविवार शाम पिता शराब के नशे में घर आए थे। दोनों बड़े भाई बाजार से खाने के लिए मोमोज लेकर आए तो छोटा भाई भी मोमोज खाने की जिद करते हुए रोने लगा। इस पर गुस्साए पिता ने उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बच्चों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। फिलहाल मामले में तहरीर नहीं दी गई है। सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी का कहना है कि एक बच्चे की मौत हुई है। पिता पर ही हत्या करने का आरोप है। पुलिस मामले में गहनता से सभी तथ्यों की जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा।