जिला पंचायत की बैठक शनिवार को कार्यालय में हुई। इसमें पिछले वर्ष के आय व्यय की समीक्षा की गई। इस वर्ष के लिए 22.50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया। जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए मोबाइल टावरों पर टैक्स बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
शनिवार को बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष संध्या यादव ने सर्वप्रथम वार्ड संख्या 13 से चुने गए सदस्य जय सिंह को शपथ दिलाई। बैठक में जिला पंचायत का पुनरीक्षित बजट 2015-16 प्रस्तुत किया गया। इसमें आय 267119158 रुपये के सापेक्ष 256502085 रुपये व्यय हुआ। वर्ष 2016-17 के लिए अनुमानित आय 232762073 रुपये के सापेक्ष 222553000 रुपये व्यय का बजट स्वीकृत किया गया। राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत प्रस्तावित कार्य योजना को स्वीकृति ग्रामीण अंचलों के विकास के लिए प्रदान की गई। जिला पंचायत की आय वृद्धि के लिए मोबाइल टॉवरों की उपविधि और पुरानी उपविधियों की दरों में आवश्यक संशोधन का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। जिले में अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा भी की गई। बैठक में विधायक करहल सोबरन सिंह यादव के साथ ही जिला पंचायत सदस्य और अधिकारी मौजूद रहे।