मैनपुरी। तृतीय थांगता यूपी स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन जनपद अमेठी में किया गया। जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। प्रशिक्षक गौरव राजपूत ने बताया कि 13 सितंबर को अमेठी के सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल, गोसाईगंज में तृतीय थांगता यूपी स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में जिले के आदर्श यादव, कपिल यादव, वैष्णवी कुमारी, ओम कृष्ण, साक्षी चौहान और पूजा भदौरिया ने स्वर्ण और लक्ष्मी ने रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि विजेता खिलाड़ी 28 से 30 सितंबर तक श्रीनगर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। थांगता मणिपुर की एक प्राचीन और पारंपरिक युद्ध कला है। जिसका मुख्य उद्देश्य आत्मरक्षा है। इसे अब खेलो इंडिया में भी शामिल कर लिए जाने से पूरी दुनिया इस कला से परिचित हो रही है।