मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी एक युवक को घायल अवस्था में सोमवार शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक ने पत्नी पर घरेलू विवाद में जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। घायल को पीजीआई रेफर किया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को मेमो भेजा है। थाना कुर्रा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक सैनिक हैं। उनकी पत्नी बच्चों के साथ कोतवाली क्षेत्र में रह रही हैं। चाचा की मृत्यु की सूचना पर युवक 9 अक्तूबर को घर आए थे। सोमवार शाम पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पत्नी ने धारदार हथियार से वार कर उसे घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई सैफई रेफर किया गया है। युवक के पिता ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जब वह मौके पर पहुंचे तो बेटा लहूलुहान हालत में मिला।