फोटो 27 आग लगने के बाद जला पड़ा सामान। संवाद
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव जगतपुर स्थित एक घर में बृहस्पतिवार दोपहर गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। आग से घरेलू सामान और जरूरी कागजात जल गए। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। गांव जगतपुर निवासी कप्तान सिंह की पत्नी स्नेहलता दोपहर करीब तीन बजे घर में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान रेगुलेटर से अचानक गैस लीक होने लगी और आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया। घर में आग की लपटें उठती देख परिजन में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। तब तक घर में रखा काफी सामान जल चुका था। स्नेहलता ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को ही गैस एजेंसी से सिलिंडर लेकर आई थीं। दोपहर में खाना बनाते समय अचानक रेगुलेटर से गैस लीक हुई और आग लग गई।