फोटो 1 अराजक तत्वों द्वारा जलाई गई होली के पास प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
मैनपुरी। कस्बा औंछा के मोहल्ला परशुरामपुर में रविवार रात अराजक तत्वों ने त्योहार का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, शुभ मुहूर्त से पहले ही होली में आग लगा दी। जानकारी होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की, प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। फिर भी जांच की जा रही है, यदि किसी की हरकत है तो कार्रवाई की जाएगी।थाना औंछा क्षेत्र के मोहल्ला परशुरामपुर और मोहल्ला टंकी में होलिका दहन के स्थान हैं। ग्रामीणों ने शुभ मुहूर्त में होलिका दहन की तैयारियां कर ली थीं। मगर, रविवार रात को अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने के लिए दोनों स्थानों पर रखी होलिका में आग लगा दी। सोमवार सुबह जब लोगों को जानकारी हुई तो आक्रोश व्याप्त हो गया। होलिका के पास एकत्रित हुए लोगों ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों ने यह कृत्य किया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि वह लोग दोबारा सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने का काम न कर सके। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक चंद्रपाल सिंह ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। बताया कि संभावना है कि ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही है, उसी से आग लगी है। जांच की जा रही है, यदि किसी ने जान बूझकर ऐसा किया है तो कार्रवाई की जाएगी।