मैनपुरी। सर्दी के बीच जिले में हृदयाघात और अस्थमा के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हृदयाघात और सांस लेने में खासी दिक्कत जानलेवा साबित हो रही है। बीते 24 घंटे में जिला अस्पताल पहुंचे दो मरीजों ने दम तोड़ दिया। इनमें एक को हृदयाघात पड़ा, वहीं दूसरे की सांस लेने में दिक्कत के चलते उपचार के दौरान मौत हो गई। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में सोमवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई। अस्पताल की ओपीडी में 996 मरीज उपचार लेने पहुंचे। फिजीशियन और बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष में सबसे अधिक मरीज पहुंचे। 200 से अधिक मरीज हृदय संबंधी बीमारियों को लेकर पहुंचे। 166 मरीजों को ब्लड प्रेशर की दिक्कत थी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्जुन सिंह के पास पहुंचे मरीजों में अधिकतर बच्चे सर्दी, जुकाम के साथ निमोनिया की चपेट में थे। कुछ बच्चे कोल्ड डायरिया से पीड़ित थे। दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव नगला मुंशी निवासी सनोज कुमार (45) पुत्र अमर सिंह को पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी। परिजन ने रविवार की शाम गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान सनोज ने देर रात दम तोड़ दिया। जसवंतपुर निवासी राजकुमारी (50) पत्नी सर्वेश को रविवार की रात हृदयाघात पड़ा, परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सनोज को गंभीर हालत में ही अस्पताल लाया गया था, जबकि राजकुमारी मृत अवस्था में ही अस्पताल लाई गई थीं।