फोटो 7 बदहाल होता जा रहा आयुष्मान आरोग्य मंदिर। संवाद
- फोटो : अंशु की फाइल फोटो।
मैनपुरी। विकास खंड जागीर क्षेत्र के गांव कसद में डेढ़ वर्ष पूर्व बनाए गए आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ताला लटक रहा है। यह बदहाल है। स्वास्थ्य कर्मियों के नहीं आने से ग्रामीणों को चिकित्सा सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अनदेखी के चलते लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण के बाद से अब तक ताला नहीं खुला है। कमरों और परिसर में झाड़ियां फैल रही हैं। नवजात शिशु और गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के लिए 12 किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भांवत ले जाना पड़ता है। क्षेत्रीय निवासी मिलाप सिंह, बंटी चौहान, टीटू चौहान, सचिन कुमार, सोमेंद्र सिंह, उपेंद्र कुशवाह, चंद्रपाल सिंह का कहना है कि इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कई बार की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के लिए कसद के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जानी चाहिए।