फोटो 11 टीका उत्सव में एक बच्चे को खुराक देतीं चेयरमैन और सीएमओ। स्रोत स्वास्थ्य विभाग
मैनपुरी। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देशन पर बुधवार से जिले में टीका उत्सव कार्यक्रम शुरू हुआ। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिंदपुरम में विशेष शिविर लगाया गया। चेयरमैन संगीता गुप्ता ने कहा कि टीका उत्सव बच्चों की स्वास्थ्य रक्षा के लिए महत्वपूर्ण अभियान है। यह जीवन बचाने का उत्सव है। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि संगीता गुप्ता अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मैनपुरी और सीएमओ डाॅ. आरसी गुप्ता ने स्नेह पुत्र सुनील निवासी नगला पजाबा को ओपीवी ड्राॅप पिलाकर की। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक वैक्सीन बच्चों की एक सुरक्षा कवच है और हर टीकाकरण केंद्र पर निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि अभियान शून्य से पांच वर्ष के उन बच्चों एवं गर्भवती माताओं का टीकाकरण कराया जाएगा जो किसी कारण से नियमित टीकाकरण के दौरान संतृप्त नहीं हो पाए हैं।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. अजय कुमार ने बताया कि टीका उत्सव के लिए जिले में 19710 का लक्ष्य निर्धारित है। अभियान की माॅनिटरिंग के लिए जनपद एवं ब्लाॅक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक बुधवार और शनिवार को कार्य समाप्ति के बाद सीएमओ कार्यालय में समीक्षा बैठक भी होगी। इस अवसर पर डाॅ. अनिल कुमार, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डाॅ. कोमल कुमारी, डाॅ. पंकज शाक्या, डाॅ. वीपी सिंह, रवींद्र सिंह गौर आदि मौजूद रहे।