कुरावली। थाना क्षेत्र के मोहल्ला कौआटोला के वारिस अली की हत्या के मामले में पांच आरोपियों पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। करीब 12.5 बीघा जमीन के विवाद में 90 वर्षीय वारिस अली की हत्या की प्राथमिकी उनकी पुत्री की तहरीर पर 24 मई को दर्ज हुई थी। पुलिस ने अरुण कुमार निवासी रसेमर, रविंद्र निवासी प्रेमपुरा, अभिषेक निवासी फतेहजंगपुर, ऋषिबाबू निवासी नगरपुर थाना बेवर, विमलेश सिंह उर्फ बिल्ला निवासी नगला गढ़ू थाना बेवर को आरोपी बनाया था। थाना प्रभारी ने बताया कि अरुण कुमार और वारिस अली के बीच जमीन का विवाद था। 30 मई को पुलिस ने अरुण, रविंद्र और ऋषिबाबू को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। अभिषेक को 4 जून और विमलेश सिंह उर्फ बिल्ला को 11 जून को न्यायालय में पेश किया। पांचों के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय भेजा जा चुका है। अब गैंग लीडर अरुण कुमार सहित पांचों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। संवाद