झोपड़ी में आग लगने के बाद जला पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में खाना बनाते समय निकली चूल्हे की चिंगारी से एक झोपड़ी में आग लग गई। तेज हवा के कारण पास की पांच झोपड़ियों में आग ने तेजी पकड़ ली। आग लगने से झोपड़ियों में रखा घरेलू सामान जल गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड के जवानों ने आग पर काबू पाया।
तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया
घटना घिरोर तहसील क्षेत्र के नगला केहरी गांव की है। गांव निवासी सलीम की झोपड़ी में रविवार की शाम खाना बनाते समय आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने जोर पकड़ लिया। आग की चपेट में आने से पास में रहने वाले सलेमी, जलालुद्दीन, असलम की झोपड़ी में भी आग लग गई। आग ने तेज हवा के चलते विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने एकत्रित होकर आग बुझाना शुरू किया। लेकिन आग नहीं बुझी।
गेहूं की फसल काटने गए थे घर के लोग
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। मौके पर फायर बिग्रेड भी पहुंची। फायर बिग्रेड ने आग को बुझाया। आग लगने से झोपडिय़ों में रखा गेहूं, कपड़े, घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के समय बंजारे ठेका पर गेहूं की फसल काटने के लिए गए थे। पीड़ितों का कहना है कि हजारों रुपए का नुकसान हुआ। खाने पीने का सामान भी जलकर राख हो गया।