मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव अघार संतोष नगर चौराहा स्थित देशी शराब के ठेके पर मंगलवार सुबह हुए बवाल के बाद संचालक ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि सेल्समैन को पीटकर शराब की पेटियां फेंक दी गईं। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।गांव अघार में मंगलवार सुबह गांव से ठेका हटाए जाने की मांग को लेकर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया था, इस दौरान ठेके से उठाकर शराब के पौव्वे और पाउच आदि फेंक दिए थे। महिलाओं का आरोप था कि सुबह होते ही शराबी गांव में हुडदंग करते हैं और माहौल भी खराब हो रहा है। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर घर भेज दिया था। इस घटना के बाद अनुज्ञापी संदीप कुमार निवासी पुलिस लाइन के पास, जिला आबकारी अधिकारी के साथ जिलाधिकारी से मिला और कार्रवाई की मांग की थी। संदीप ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कई महिलाएं और पुरुष एकत्रित होकर दुकान पर पर आ गए। आते ही इन लोगों ने हमला कर दिया और शराब की पेटियां निकाल कर बाहर फेंकने लगे। जानकारी होने के बाद उन्होंने अपने साथी विवेक पाल को दुकान पर भेजा और पुलिस को फोन कर सूचना दी। जब वह दुकान पर पहुंचे, तभी वहां मौजूद भीड़ ने उनके साथ भी अभद्रता शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाया। दुकान की सीसीटीवी में तोड़फोड़ की घटना कैद है। देशी शराब की 21 पेटियां नष्ट कर दीं, जिससे करीब 62 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा दुकान में भी काफी नुकसान हुआ है। जाते समय महिलाएं धमकी देकर गईं कि दोबारा दुकान खोली तो फिर से घटना होगी। गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।