दन्नाहार। थाना क्षेत्र स्थित नंदन राइस मिल में गैस पाइपलाइन रिपेयरिंग के दौरान 10 सितंबर की रात आग लगने से तीन मजदूर झुलस गए थे। इस मामले में मिल मालिक और फोरमैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सदर कोतवाली क्षेत्र में भांवत चौराहा के पास निवास कर रहे अनुज उर्फ अंशू ने बताया कि नंदन राइस मिल में पिछले एक महीने से काम कर रहे थे। फैक्टरी परिसर में जमीन से करीब 21 फीट नीचे गैस पाइपलाइन बिछी हुई है, जिसमें खराबी की मरम्मत के लिए 10 सितंबर को फोरमैन जाकिर हुसैन ने उसके साथ गाली-गलौज की और जबरदस्ती नीचे उतरने पर मजबूर किया। मिल मालिक नंदन अग्रवाल और फोरमैन के दबाव के आगे उसे मजबूरी में नीचे उतरना पड़ा। मरम्मत कार्य के दौरान लीक गैस सिलिंडर में आग लग गई। हादसे में अनुज व दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में जांच कर कार्रवाई करेगी।