फोटो 46 किसान गोष्ठी कार्यक्रम में किसानों को जानकारी देते कृषि वैज्ञानिक। स्त्रोत विभाग
मैनपुरी। किशनी विकास खंड के कैथपुर गांव में मंगलवार को खेत बचाओ अभियान के तहत कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें कृषि विज्ञान केंद्र, मैनपुरी के वैज्ञानिकों और मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के विशेषज्ञों ने किसानों को जागरूक किया। वैज्ञानिकों ने मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, उर्वरकों के संतुलित प्रयोग और टिकाऊ कृषि पद्धतियों पर जोर दिया। कृषि वैज्ञानिक विकाश कुमार यादव ने फसलों के कीट एवं रोगों के प्रबंधन तथा रासायनिक कीटनाशकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी। प्रणवीर सिंह ने मृदा स्वास्थ्य के महत्व और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने पर प्रकाश डाला। अंकित सिंह भदौरिया ने फल एवं सब्जियों की वैज्ञानिक खेती और कम लागत में अधिक उत्पादन के उपाय बताए। शिवांकर भदौरिया ने मिट्टी की जांच, मृदा परीक्षण आधारित उर्वरक प्रयोग और जैविक कार्बन बनाए रखने की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने किसानों से संतुलित उर्वरक, जैविक व हरी खाद उपयोग करने और फसल अवशेष न जलाने की अपील की। किसानों को मिट्टी स्वस्थ रखने, उत्पादन लागत घटाने और टिकाऊ कृषि के लिए वैज्ञानिक पद्धतियां अपनाने को प्रेरित किया गया।