मैनपुरी। जिले के वन स्टॉप सेंटर और वृद्धाश्रम का जिला न्यायाधीश रूपेश रंजन ने बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और बुजुर्गों की देखभाल के संस्थानों की व्यवस्थाएं परखीं। वन स्टॉप सेंटर के शौचालय में सफाई की कमी मिलने पर न्यायाधीश ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को सुबह-शाम सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सौ शैय्या अस्पताल परिसर में स्थित वन स्टॉप सेंटर में भी सफाई का अभाव मिला, जिस पर बेहतर व्यवस्थाएं रखने के आदेश दिए गए। इसके बाद न्यायिक अधिकारी जेल रोड पर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे। जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि आश्रम में 114 बुजुर्ग हैं, जिनमें 65 महिलाएं और 49 पुरुष शामिल हैं। न्यायाधीश ने बुजुर्गों की आर्थिक-सामाजिक स्थिति का आकलन कराने, उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी प्राप्त करने और नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीजे कमल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिल्पी चतुर्वेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव अंशिका लाल, प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, कामिनी यादव, शिवानी मिश्रा, प्रतिमा दुबे आदि मौजूद रहे।