मैनपुरी। दिल्ली में घर से भागकर हाईकोर्ट में शादी करने वाले प्रेमी युगल को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई। बता दें कि युवती रिश्ते में युवक की ममेरी बहन लगती है। युवती की दिल्ली में गुमशुदगी दर्ज है। कागजी कार्रवाई के बाद महिला थाना से दिल्ली पुलिस की टीम दोनों को साथ ले गई।
उल्लेखनीय है कि कुरावली निवासी एक युवक दिल्ली में रहने वाली अपनी ममेरी बहन के साथ एक माह पूर्व भाग गया था। युवक शादीशुदा है। शुक्रवार को युवक की पहली पत्नी और उसके परिवारीजनों ने युवक और युवती को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस को दोनों ने बताया कि उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में कोर्ट मैरिज कर ली है। अपने दावे को पुख्ता करने के लिए उन्होंने शादी का प्रमाण पत्र एवं अन्य कागजात भी पुलिस को सौंपे थे। सूचना पर शनिवार को दिल्ली पुलिस भी आ गई। वहीं युवती के घरवालों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करा रखी है। संबंधित कार्रवाई पूरी करने के बाद दिल्ली पुलिस युवक और युवती को अपने साथ ले गई। दिल्ली पुलिस के साथ युवती के भाई और अन्य परिवारीजन भी आए थे। वहां युवती के मजिस्ट्रेट के सामने बयान होंगे। उन बयानों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।