कुरावली/मैनपुरी। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक छात्र की मौत हो गई और पिता-पुत्री घायल हो गए।
थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम नगला दौलत निवासी प्रवेश कुमार (12) पुत्र सुखराम रुस्तम सिंह इंटर कालेज रीछपुरा में कक्षा छह का छात्र था। सोमवार को तबियत खराब होने पर प्रवेश प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहादतपुर पर दवा लेने गया था। दोपहर दो बजे के लगभग जब वह अस्पताल के समीप पहुंचा तभी जीगन चंदाई की ओर से आ रहे बिना नंबर के ट्रैक्टर ने प्रवेश को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही प्रवेश की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से मकान निर्माण के लिए बालू ले जा रहे जीगन निवासी चिंतामणि को पकड़ लिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए चिंतामणि को थाने में बैठा लिया है। पुलिस ने प्रवेश के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम हाजीपुर निवासी राजेंद्र सिंह सोमवार को अपनी पुत्री नारंगी के साथ बाइक से गांव जा रहे थे। जब नगरिया बाईपास मार्ग पर पहुंचे तभी पीछे से जा रहे तेज रफ्तार के बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। इससे पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।