मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के ग्राम कथूले में शुक्रवार की सुबह प्रधान पद के दो प्रत्याशी और उनके समर्थकों के बीच हुई फायरिंग की घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना पर कई थानों की पुलिस गांव में पहुंच गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक महावीर (50) गांव कथूले का ही रहने वाला था। यहां तीसरे चरण में प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव होना है। अवधेश उर्फ कन्हैया और बंटू यादव प्रधान पद के प्रत्याशी हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह 7:30 बजे दोनों प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में विवाद हो गया। बात मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। इसमें एक गोली बंटू यादव के समर्थक महावीर को लग गई। गंभीर हालत उसे सैफई मिनी पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए थाना कुर्रा पुलिस के अलावा करहल, किशनी, बरनाहल थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने एक आरोपी अनुज को हिरासत में ले लिया। महावीर के पुत्र अक्षय यादव ने गांव के अवधेश उर्फ कन्हैया, शोभित, राकेश और अनुज के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।