करहल। गांव नगला धारा में सोमवार की रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये के आभूषण और सामान लूट लिया। सास-बहू को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं नशीला पदार्थ भी सुंघा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला धारा में सोमवार की रात 12:30 बजे के लगभग बदमाश चंद्रभान के घर की दीवार से कूदकर अंदर प्रवेश कर गए। बाहर बैठक में सो रही कंचन पत्नी पंकज व श्रीदेवी पत्नी मेघसिंह को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कमरे में रखी तीनों अलमारियों का ताला तोड़कर सारा सामान ले गए। दो बक्सों को भी साथ ले गए, जिसमें सोने चांदी के कीमती आभूषण एवं कपडे़ रखे थे। गांव से बाहर ले जाकर गांव हरदासपुर के निकट खेतों में बक्से एवं जेवरो के डिब्बे फेंक दिए। काफी देर बाद जब उनको होश आया तो सास बहू ने हल्ला मचाया इस पर गांव के लोग एकत्रित हो गए। बताते हैं कि चंद्रभान व परिवार के अन्य सदस्य किसी रिश्तेदारी में दिल्ली शादी में गए थे। घर पर सास बहू अकेली थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सास बहू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हरवीर ने थाने में तहरीर दी है। कहा कि लाखों रुपये के आभूषणों के साथ ही बदमाश 50 हजार रुपये की नकदी भी ले गए। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।