मैनपुरी। गीतापुरम कालोनी में मंगलवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने विकास भवन में कार्यरत कर्मचारी के घर धावा बोल दिया। दंपति सहित परिवार के चार सदस्यों को मारपीट कर घायल कर दिया और लाखों की नकदी व जेवरात ले गए। चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से दंपति की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के गीतापुरम कालोनी निवासी ब्रजेश यादव विकास भवन में बाबू हैं। ब्रजेश के भतीजे विपनेश ने बताया कि रात डेढ़ बजे के लगभग घर का दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। चाचा ने दरवाजा खोला नहीं। इस पर बदमाशों ने दरवाजा तोड़ दिया, उनके हाथ में सरिया आदि लगी हुई थीं। अंदर आते ही उन्होंने हमला कर दिया और मारपीट करने लगे। इससे ब्रजेश, उनकी पत्नी रेखा यादव, ब्रजेश की सास मायादेवी व विपनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश घर में से सोने की अंगूठी, चेन, कुंडल, अलमारी में रखी करीब डेढ़ लाख की नकदी आदि लेकर भाग गए। बदमाश घर में लगभग आधा घंटे तक रुके। उनके जाने के बाद विपनेश ने फोन पर पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और बदमाशों की तलाश की, लेकिन हाथ नहीं आए। वहीं गंभीर घायल दंपति को सैफई रेफर कर दिया है। सीओ शैलेंद्र लाल का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। शीघ्र वह पुलिस की गिरफ्त में होंगे।