फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांव चतुरीपुर में दलित अधेड़ की गोली मारकर हत्या

Mon, 01 Aug 2016 11:30 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, मैनपुरी
विज्ञापन
पूछताछ - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
गांव चतुरीपुर में एक अधेड़ दलित की रविवार रात में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह जागने पर परिवारीजनों और ग्रामीणों को जानकारी हो सकी। जानकारी मिलते ही एसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिसबल घटनास्थल पर पहुंच गया। वहां फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वैड ने काफी देर तक सबूतों की तलाश की।  
विज्ञापन


ग्राम चतुरीपुर निवासी दलित हीरालाल (50) रविवार की रात गांव में ही घर के पास देवी मां के चबूतरे के बगल में चारपाई डालकर सो रहे थे। उनके साथ काफी दिनों से गांव निवासी जगदीश कठेरिया भी साथ सो रहे थे। देर रात हमलावरों ने उनके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह 6:40 बजे गांव का चौकीदार रामभरोसे ने थाने में हीरालाल की हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी देवरंजन वर्मा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। क्राइम सीन को सील करने के बाद वहां फोरेंसिक की टीम ने नमूने लिए। डॉग स्क्वैड ने काफी देर तक सबूतों की तलाश की। दलित का शव चारपाई पर पड़ा था। घटना के समय उनके बगल में सो रहे जगदीश कठेरिया से करीब एक घंटा तक पूछताछ की। जगदीश ने बताया कि वो हीरालाल के पास में ही सो गया था लेकिन उसने गोली की आवाज नहीं सुनी।  

पुत्र ने दी पांच के विरुद्ध हत्या की तहरीर
किशनी। हीरालाल के पुत्र जितेंद्र ने थाने पर पांच लोगों के विरुद्ध हत्या की तहरीर दी है। तहरीर में गांव के ही जयपाल यादव, पप्पू यादव, होतीलाल कठेरिया, राजीव कठेरिया और एक अज्ञात के खिलाफ रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। मृतक पुत्र की ओर से दी गई तहरीर में रात 11 बजे हत्या करने का आरोप लगाया गया है। जबकि थाना पुलिस को सुबह 6:40 बजे चौकीदार ने सूचना दी। अगर तहरीर को सच मान लिया जाए तो परिवारीजनों को जब हत्या की जानकारी रात को हो गई थी। तो उन्होंने इसकी जानकारी थाना पुलिस को क्यों नहीं दी। पुलिस पुत्र की कहानी को संदिग्ध मान रही है। एसपी ने जगदीश के पांच वर्षीय पौत्र सनी से पूछताछ की। लेकिन वो कोई जवाब नहीं दे सका। गांव की महिलाएं भी गोली चलने की आवाज की बात पर गोल मोल जवाब देती रहीं।  
विज्ञापन


खुलासे के लिए तीन टीम गठित
किशनी। घटना के जल्द खुलासे को तीन टीम गठित की है। क्राइम ब्रांच के अलावा थाने की दो टीमों को मामले के जल्द वर्कआउट के आदेश दिए हैं। दोनों टीमें सीओ भोगांव के निर्देशन में काम करेंगी। क्राइम ब्रांच की टीम संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। वहीं गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-पीएसी तैनात कर दी गई है। 
 
वर्ष 2014 में चार अलग-अलग घटनाओं में दलितों की हत्याएं हुईं। 
वर्ष 2015 में तीन दलितों की हत्या की गई थी।
वर्ष 2016 में 28 जुलाई को गांव लखनीपुर में दलित दंपति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। 

पुत्र की ओर से दी गई तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है अधेड़ के गांव की ही एक महिला से विवाहेतर संबंध थे। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। नामजद आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  
- देवरंजन वर्मा, एसपी 

चार दिन पहले दलित दंपति की हुई थी हत्या
मैनपुरी। जिले में चार दिन में तीन दलितों की हत्या कर दी गई। चार दिन पूर्व थाना कुर्रा क्षेत्र में दलित दंपति की 15 रुपये की उधारी न देने पर कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। अब अधेड़ की हत्या कर दी। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें