मैनपुरी। विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने के लिए सोमवार को सोशल मीडिया सेल, 1912 और सप्लाई प्रभारी शरद मिश्रा ने एलाऊ क्षेत्र के उपकेंद्र ओंग का निरीक्षण किया। उन्होंने स्विच यार्ड, पावर ट्रांसफार्मर, वीसीवी मशीनों और आपूर्ति रजिस्टर की स्थिति देखा। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति की सूचना उपभोक्ताओं को दी जाए।सप्लाई प्रभारी ने कहा कि विद्युत आपूर्ति संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लिया जाए, बिजली घर का सीयूजी नंबर हमेशा चालू रहे, शिकायतकर्ताओं से मृदुल भाषा में बात करें और सावधानीपूर्वक पूरी समस्या को सुने, सीयूजी नंबर पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को रजिस्टर में नोट करें और शिकायत के बारे में तुरंत संबंधित लाइन स्टॉफ को सूचित करें।प्रभारी ने कहा कि शिकायत निस्तारण के उपरांत फीडबैक अवश्य लें। व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति संबंधित प्रत्येक सूचना दी जाए। ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं को सीयूजी नंबर, टोल फ्री 1912 व सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों की जानकारी दें, जिससे कि विद्युत संबंधित शिकायतों के लिए उपभोक्ताओं की भाग दौड़ बच सके। संवाद