मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के गांव नगला जमुनियां निवासी आनंद कुमार ने एक ग्राम प्रधान व पति पर रंगदारी, धोखाधड़ी व प्रताड़ना का आरोप लगाया है। रविवार को एसपी को प्रार्थनापत्र भेजकर कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित आनंद कुमार ने बताया कि 17 सितंबर की सुबह एक गांव के प्रधान व उनके पति उनके घर पर आए। जमीन बिक्री के सात लाख रुपये में से दो लाख रुपये रंगदारी की मांगने लगे। जब रुपये देने से मना किया तो अन्य व्यक्ति को कब्जा दिलाने की धमकी दी गई। उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस बुला ली। जब वह थाने पहुंचे तो उनके खिलाफ ही झूठी प्राथमिकी दर्ज करा दी। उन्हें लगातार धमकी दी जा रही है। शिकायत को एसपी कार्यालय से थाना कुरावली पुलिस को जांच कर कार्रवाई के लिए भेजा गया है।