मैनपुरी। छात्र-छात्राओं को दशमोत्तर छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने में कई महाविद्यालय संचालक रुचि नहीं ले रहे हैं। कॉलेज स्तर से छात्र-छात्राओं का डाटा अग्रसारित न किए जाने के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित होने की स्थिति में हैं। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने नाराजगी जताई है। जिले में करीब 200 महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें से लगभग 54 कॉलेज ऐसे हैं, जहां 100 से अधिक छात्र-छात्राओं का डाटा लंबित है। कॉलेज स्तर पर डाटा फॉरवर्ड न होने से छात्रवृत्ति प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद संबंधित कॉलेजों की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। जिलाधिकारी ने 12 नवंबर को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक बुलाई है। इसमें जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। डाटा अग्रसारित करने में हो रही देरी को लेकर संबंधित कॉलेजों से जवाब भी मांगा जा सकता है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।