मैनपुरी। कचहरी-कुसमरा मार्ग पर भोजपुरा रेलवे फाटक (समपार संख्या 41सी) पर मंगलवार को दूसरे दिन भी मरम्मत कार्य जारी रहा। इसके चलते फाटक को दो और चार पहिया वाहनों के आवागमन के लिए बंद रखा गया। इससे लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।रेलवे विभाग की ओर से फाटक पर ट्रैक की मरम्मत कराई जा रही है। कर्मचारियों ने पुराने बोल्ट और खराब रबर पैनल बदले। इसके अलावा ट्रैक पर गिट्टी डालकर उसे व्यवस्थित करने का काम भी किया गया। कचहरी-कुसमरा मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भोजपुरा रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद कुछ दो पहिया वाहन चालक ट्रैक से बाइक निकालने का प्रयास करते नजर आए। जीआरपी के जवानों ने बाइक चालकों को ट्रैक पार करने से रोकते हुए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की।