मैनपुरी। एएचटीयू टीम ने ग्रामीण क्षेत्र स्थित स्कूलों में बच्चों को बाल विवाह आदि को लेकर नुक्कड़ नाटक व लघु फिल्म के माध्यम से रविवार को जागरूक किया। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। एएचटीयू टीम प्रभारी कमला शंकर शर्मा के नेतृत्व में टीम जिले के कई गांव स्थित स्कूलों में पहुंची। अभियान का सबसे प्रभावी पहलू इसका संवाद का तरीका रहा। टीम ने पारंपरिक भाषणों से इतर नुक्कड़ नाटक के सजीव मंचन और बढ़ते बच्चों नामक लघु फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों को आम जनमानस के सामने रखा। टीम ने अपने जागरूकता संदेश में कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए बच्चों के सुरक्षित और सशक्त भविष्य के निर्माण में आगे आए।