ऋषि आश्रम में घटनास्थल पर लोगों के साथ मौजूद पूर्व सपा विधायक राजकुमार यादव। स्त्रोत स्वयं
मैनपुरी। शहर के खरगजीत नगर में रविवार शाम ऋषि आश्रम में हुए हादसे में 5 वर्षीय बालक की मौत के मामले में राजनीति शुरू हो गई है। पूर्व सदर विधायक ने फेसबुक पर पोस्ट कर पर्यटन विभाग पर घटिया निर्माण सामग्री लगाने और इसी कारण से हादसे होने का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले में कोतवाली पुलिस ने रविवार देर रात बालक के शव का पोस्टमार्टम कराया।कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी संविदा पर तैनात स्वास्थ्यकर्मी शिव कुमार रविवार शाम पांच वर्षीय पुत्र आरव को साथ लेकर पास ही ऋषि आश्रम में गए थे। वहां पूजा की, इस बीच आश्रम के अंदर अहाते में लगा लोहे का गेट पिलर सहित बालक पर पलट गया। हादसे में मासूम की दर्दनाक मौत हो गई थी। देर रात पुलिस ने परिजन की मांग पर शव का पोस्टमार्टम कराया। उधर, बच्चे की मौत में राजनीति दखल भी शुरू हो गया। पूर्व सदर विधायक राज कुमार यादव ने अपनी फेसबुक पर पोस्ट किया। इसमें कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा खरगजीत नगर स्थित ऋषि आश्रम में घटिया निर्माण कराए जाने के कारण गेट गिर गया, जिस वजह से पांच वर्षीय बालक आरव की मौत हो गई। सरकार व प्रशासन उच्च स्तरीय जांच कर जिम्मेदार पर कार्रवाई करे। पीड़ित परिवार को मिले 10 लाख मुआवजा : सपा के पूर्व सदर विधायक राज कुमार यादव ने अपनी पोस्ट में जहां हादसे का जिम्मेदार पर्यटन विभाग के निर्माण को बताया है, वहीं पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाए जाने की मांग भी की है।