Mainpuri News: सपा के पूर्व विधायक सहित 11 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सपा के जिला पंचायत सदस्य ने पार्टी के ही पूर्व सदर विधायक व उनके साथियों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। बताया कि मतगणना के दिन पूर्व विधायक व उनके साथियों ने उन्हें जातिसूचक गालियां देने के साथ ही तमंचा से फायर कर जान से मारने की कोशिश की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पूर्व विधायक सहित 11 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
घटना के समय वह डीजल लेने गया था
शहर के वंशीगोहरा निवासी जिला पंचायत सदस्य शुभम सिंह ने बताया कि मतगणना के दिन रात के समय वह नगला नया दीवानी के पास गाड़ी में डीजल लेने गए थे। उनके साथ हरेंद्र उर्फ नीलू मास्टर, निहाल बाल्मीकि, विनीत, मनीष आदि भी थे। तभी वहां मौजूद सपा के पूर्व सदर विधायक राज कुमार उर्फ राजू यादव, सौरभ उर्फ बंटी यादव निवासी स्टेशन रोड अपने 8-9 साथियों के साथ आ पहुंचे।
11 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
बताया कि पूर्व विधायक ने जातिसूचक गालियां देते हुए कहा कि तू पार्टी में मेरा बहुत विरोध करता है। जान से मारने की धमकी देने लगे। मना करने पर दोनों आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायर किया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। जिला पंचायत सदस्य की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व सदर विधायक राजकुमार यादव, सौरभ उर्फ बंटी सहित 11 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में पुलिस कर रही जांच
इंस्पेक्टर प्रदीप सेंगर ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य की तहरीर के आधार पर सदर विधायक सहित अन्य के विरुद्ध जानलेवा हमला, एससीएसटी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।