खड़ंजा के विवाद पर दबंगों ने युवक को मारी गोली।
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बीती देर शाम खड़ंजा के विवाद पर कुछ लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर युवक को गोली मार दी। इसके बाद वहां से भाग निकले। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज, सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
खड़ंजा के विवाद पर शुरू की गाली-गलौज
घटना भोगांव थाना क्षेत्र के जजेड़ा गांव की है। गांव निवासी फेरू सिंह ने थाने में तहरीर दी। बताया कि वह पुत्र पियूष व लालू के साथ बेवर क्षेत्र स्थित खेत से वापस घर लौटे थे। इसी बीच देर शाम करीब 7:30 बजे सरैया गांव निवासी मोनू, ऋषभ कुमार और शत्रुघ्न सिंह निवासी जजेड़ा घर पर आए। यह लोग खड़ंजा के विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। पुत्र पियूष ने उन्हें रोका तो मोनू ने तमंचा निकालकर उस पर गोली चला दी।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
बताया कि गोली पुत्र के पैर में लगी और वह घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन व आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों को एकत्र होता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई, रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।