उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक झोलाछाप का शव फंदे से झूलता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
घटना कुर्रा थाना क्षेत्र के सहन गांव की है। यहां झोलाछाप अंकित कुमार (24) अपना क्लीनिक चला रहा था। रविवार को उसका शव दुकान के अंदर फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया। परिजन ने हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
गांव में किराए के मकान में रह रहा था
बताया गया कि अंकित, फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र के नगलाराम गांव का रहने वाला है। वह सहन गांव में किराए के मकान में रह रहा था। गांव में ही एक दुकान में लोगों को दवा देता था। रविवार की सुबह लोगों ने दुकान के अंदर खिड़की से झांककर देखा। इस पर अंकित का शव पंखा के कुंडा से फंदे पर लटकता दिखाई दिया।
दरवाजा अंदर से बंद था
उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष जयश्याम शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया कि युवक ने खुदकुशी की है। दरवाजा अंदर से बंद था। तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।