मैनपुरी। राष्ट्रीय राजमार्ग के बेवर-इटावा खंड में मझोला से नगला गनी और किशनी से शमशेरगंज पुलिया तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत को लेकर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। पत्र के जवाब में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग विभाग की ओर जानकारी दी है कि मझोला से नगला गनी मार्ग पर सड़क को यातायात योग्य बनाने के लिए प्रोफाइल करेक्शन और डब्ल्यूएमएम का काम पूरा करा दिया गया है। मौसम अनुकूल होने पर अगले 10 दिनों में डामरीकरण भी कराया जाएगा।पर्यटन मंत्री के पत्र में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दो लेन सहित चौड़ीकरण परियोजना के तहत मझोला नहर पर पहले से बने पुल के स्थान पर 15 मीटर लंबे नए पुल का निर्माण प्रस्तावित था। हालांकि, सिंचाई विभाग ने पुराने पुल को नहीं तोड़ने की शर्त पर एनओसी दी। इसके चलते नए पुल की लंबाई बढ़ाकर 84 मीटर करनी पड़ी। इसके लिए नया प्रस्ताव तैयार करने सहित अन्य प्रक्रिया अभी चल रही है। इसी वजह से मझोला से नगला गनी तक सड़क निर्माण का काम परियोजना के तहत नहीं कराया जा सका। इस मार्ग पर यातायात सुचारू रखने के लिए प्रोफाइल करेक्शन के बाद डब्ल्यूएमएम का काम पूरा कर लिया गया है। मानसून के चलते डीबीएम और बीसी का डामरीकरण नहीं हो सका। अब मौसम अनुकूल होने पर इसे अगले 10 दिनों में पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।