मैनपुरी। खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में 31 अक्तूबर से एक नवंबर जनपद वाराणसी में प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आगरा मंडल की टीम के चयन के लिए 26 अक्तूबर को पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में जनपदीय ट्रायल होंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी साधना सिंह ने बताया कि जनपदीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को 27 अक्तूबर को आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली मंडलीय ट्रायल में मौका मिलेगा। यहां चयनित खिलाड़ी आगरा मंडल की टीम का हिस्सा होंगे। उन्होंने बताया कि ट्रायल के इच्छुक खिलाड़ी जन्मतिथि के मूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड सहित स्टेडियम पहुंचकर ट्रायल में निशुल्क भाग ले सकते हैं।