मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव भांवत में शनिवार सुबह नहर किनारे मिट्टी खोदने गई वृद्धा और पड़ोसी युवती पर मिट्टी की ढाय गिर गई। जानकारी होने के बाद जब तक दोनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक वृद्धा की मौत हो चुकी थी। युवती को जिला अस्पताल से पीजीआई सैफई रेफर किया गया। परिजन ने बगैर पोस्टमार्टम वृद्धा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। एलाऊ क्षेत्र के गांव भांवत निवासी 65 वर्षीय मौरश्री के कोई संतान नहीं थी। पति की भी कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह घर के लिए पडुआ मिट्टी खोदने नहर किनारे गई थीं। उनके साथ पड़ोस की रहने वाली 19 वर्षीय बबिता भी मिट्टी लेने गई थी। नहर किनारे बने गड्ढे में बैठ कर दोनों मिट्टी खोद रहे थीं। इस दाैरान अचानक मिट्टी की ढाय उन पर पलट गई। गड्ढा गहरा होने की वजह से वृद्धा नीचे दब गई। युवती की चीख-पुकार सुन कर आसपास के लोग गड्ढे के पास पहुंचे और मिट्टी को हटाने के बाद दोनों को बाहर निकाला। आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के बाद चिकित्सक ने मौरश्री को मृत घोषित कर दिया। बबिता को गंभीर हालत में पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष एलाऊ ने बताया कि परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पुलिस को घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है।गांव भांवत की रहने वाली 60 वर्षीय मौरश्री पति की मृत्यु के बाद अकेले ही जीवन यापन कर रही थीं। गांव में उनका कोई रिश्तेदार भी नहीं था। मौत की खबर मिलने के बाद भाई भगवान सिंह शव को लेकर गांव भांवत पहुंचे और बहन का अंतिम संस्कार किया। गांव भांवत में मिट्टी की ढाय पलटने से हुए हादसे की जानकारी ग्रामीणों को करीब आधे घंटे बाद हो सकी। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि नहर किनारे सुनसान रहता है। बहुत कम लोग उधर से गुजरते हैं। एक ग्रामीण ने युवती की कराहती हुई आवाज सुनी तब जाकर वृद्धा और युवती के मिट्टी में दबे होने का पता चला। इसके बाद दोनों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक वृद्धा की मौत हो चुकी थी।