मैनपुरी। रबी की फसलों की बुवाई के बीच किसानों के लिए राहत की खबर है। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। डीएपी, एनपीके और यूरिया का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। साथ ही बुधवार को 712 मीट्रिक टन डीएपी की नई खेप भी जिले में पहुंचने वाली है।एआर कॉपरेटिव जितेंद्र सिंह ने बताया कि वर्तमान में जिले के गोदामों में 590 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। इसके अलावा 712 मीट्रिक टन डीएपी बुधवार को पहुंच जाएगी। इससे किसानों को खाद की उपलब्धता में और सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिले में 683 मीट्रिक टन एनपीके का भी स्टॉक मौजूद है। उन्होंने कहा कि यूरिया की भी जिले में कोई कमी नहीं है। वर्तमान में गोदामों में 8206 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। इसका किसानों को वितरण कराया जा रहा है। किसानों से अपील की कि वे यूरिया का प्रयोग फसलों की जरूरत और निर्धारित मात्रा के अनुसार ही करें। खाद की उपलब्धता के अनुसार जल्द ही इसका वितरण भी कराया जाएगा।