मैनपुरी। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रविवार को रोल प्रेक्षक एवं आगरा मंडल के आयुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट कराने में राजनीतिक दल सहयोग करें। जिले के सभी 1782 बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति और उनकी सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।उन्होंने कहा कि बीएलए ड्राफ्ट मतदाता सूची का गहनता से अवलोकन करें और छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के नाम जुड़वाने में बीएलओ का सहयोग करें। अभियान के दौरान बीएलओ प्रत्येक घर का भ्रमण कर मतदाता सूची में दर्ज नामों का सत्यापन करें। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों को निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। अभियान के दौरान अब तक 57 हजार 138 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 58 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के नाम जोड़ने के लिए 25 हजार 70 फॉर्म प्राप्त हुए हैं। महिला मतदाताओं के पंजीकरण में वृद्धि से जिले का जेंडर रेशियो ड्राफ्ट सूची के 821 से बढ़कर 836 हो गया है। इसे राज्य के औसत 881 के करीब पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वोटर हेल्पलाइन एप और जनसेवा केंद्र पोर्टल के माध्यम से अब तक 1216 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। बैठक में सपा, भाजपा, बसपा, कांग्रेस, सीपीआई (एम) और आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने अपने सुझाव दिए।
-